चमोली: सूचना आयुक्त दलीप सिंह कुंवर की अध्यक्षता में लोक सूचना अधिकारियों की बैठक आयोजित

चमोली।
उत्तराखंड राज्य सूचना आयोग के सूचना आयुक्त दलीप सिंह कुंवर की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सभागार चमोली में जनपद स्तरीय लोक सूचना अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को मजबूत बनाने तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर विस्तृत चर्चा की गई।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर दिया जोर

बैठक को संबोधित करते हुए सूचना आयुक्त दलीप सिंह कुंवर ने कहा कि आयोग का मूल उद्देश्य सूचना के अधिकार को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सूचनाओं का समयबद्ध और सरल रूप से उपलब्ध होना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने सभी लोक सूचना अधिकारियों से ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि यदि सूचना उपलब्ध होने के बावजूद समय पर सूचना प्रदान नहीं की जाती है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता बरतने के निर्देश

सूचना आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित व्यक्तियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए तथा स्वयं को उनकी स्थिति में रखकर समाधान का प्रयास किया जाए।

आरटीआई मामलों की हर 15 दिन में समीक्षा

उन्होंने अपीलीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आरटीआई से जुड़े प्रकरणों की प्रत्येक 15 दिन में नियमित समीक्षा की जाए तथा मांगी गई सूचनाओं को जिम्मेदारीपूर्वक उपलब्ध कराया जाए, ताकि अधिकतर मामलों का निस्तारण प्रथम अपील स्तर पर ही हो सके।

जागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने पर जोर

सूचना आयुक्त ने कहा कि सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रभावी प्रसार के लिए जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक मजबूत बनाया जाए, जिससे आम नागरिक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।

आरटीआई के दुरुपयोग पर भी दी चेतावनी

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सूचना के अधिकार अधिनियम का दुरुपयोग कर रहा है, तो संबंधित अपीलीय अधिकारी आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर सूचना आयोग को उपलब्ध कराएं।

अधिकारियों की शंकाओं का किया समाधान

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के लोक सूचना अधिकारियों ने आरटीआई से संबंधित अपनी शंकाएं सूचना आयुक्त के समक्ष रखीं, जिनका उन्होंने क्रमवार समाधान किया।

मोमेंटो और शॉल भेंट कर किया सम्मानित

बैठक के उपरांत जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से सूचना आयुक्त दलीप सिंह कुंवर को मोमेंटो एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर डीएफओ सर्वेश दुबे, मुख्य कोषाधिकारी मामूर जहां, पीडी आनंद सिंह, जिला शिक्षाधिकारी श्रीकांत पुरोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें