चमोली।
चमोली जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता एवं प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग धनिक ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया। इस अवसर पर जनपदवासियों से जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियोरोधी दवा पिलाने की अपील की गई।
616 बूथों पर चला अभियान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद में व्यापक तैयारियां की गई हैं। पूरे जनपद में 611 पोलियो बूथ, 5 ट्रांजिट टीमें सहित कुल 616 बूथों एवं टीमों के माध्यम से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। अभियान की निगरानी के लिए 236 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के सबसे अधिक ऊंचाई पर स्थित 3,636 मीटर के दुर्गम गांव द्रोणागिरि में भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इस अभियान के तहत जनपद के 30,916 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
29 और 30 जून को घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान के दूसरे और तीसरे चरण में 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाए।
उन्होंने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जनपद को 9 जोनों में विभाजित किया गया है तथा सभी जोनल अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैष्णव कृष्णा, सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी रचना, जिला वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर महेश देवराड़ी, फील्ड सुपरवाइजर विपिन मालगुड़ी, चंद्रशेखर मिंगवाल, आस्था तिवारी, एएनएम मंजू रानी रावत, ऊषा गोरखा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
