चमोली: नंदानगर के कनोल में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर, 150 से अधिक लोग हुए लाभान्वित

चमोली | सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड नंदानगर की न्याय पंचायत बूरा के कनोल में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता दर्जा मंत्री एवं राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और मौके पर ही सरकारी सेवाओं का लाभ उठाया।

विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, 150 से अधिक लोग लाभान्वित

शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, विद्युत, पेयजल, शिक्षा तथा आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए।

इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर के दौरान 150 से अधिक लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिला।

35 शिकायतें दर्ज, 25 से अधिक का मौके पर समाधान

जनसेवा शिविर में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, आवास सहित अन्य जनसमस्याओं से जुड़ी कुल 35 शिकायतें दर्ज कराईं।

इनमें से 25 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया। अधिकारियों ने सभी लंबित मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य

दर्जा मंत्री एवं राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनसेवा शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे लोगों को काफी सुविधा मिल रही है।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख हेमा नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे, तहसीलदार सुधा डोभाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें