बागेश्वर पुलिस ने महिला और विधायक की छवि खराब करने वाले आरोपी को बैजनाथ से किया गिरफ्तार

बागेश्वर। सोशल मीडिया पर एक महिला के चरित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को बागेश्वर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब एक सप्ताह तक उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तलाश के बाद एसओजी और कपकोट पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को बैजनाथ क्षेत्र से दबोच लिया।

महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ पहला मुकदमा

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को एक महिला ने थाना कपकोट में शिकायत दर्ज कराई थी कि जगदीश गोस्वामी उर्फ जग्गा गोस्वामी ने उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित किए। इस पर आरोपी के खिलाफ धारा 79 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

विधायक के खिलाफ भ्रामक वीडियो का भी आरोप

इसके बाद 2 अगस्त को एक अन्य शिकायत में आरोपी पर क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ गाली-गलौज और भ्रामक वीडियो प्रसारित कर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगा। इस मामले में धारा 352, 353, 356 बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया।

छह जिलों में दबिश, बैजनाथ से गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर गठित टीम ने रानीखेत, रामनगर, बिजनौर, हरिद्वार, सहारनपुर और देहरादून सहित कई स्थानों पर आरोपी की तलाश की। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। गैर-जमानती वारंट और बीएनएसएस की धारा 84 के तहत कार्रवाई के बाद मंगलवार शाम उसे बैजनाथ थाना क्षेत्र के पिंगलौ बैंड, कंधार तिराहा स्थित यात्री विश्राम गृह के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

आगे की जांच जारी

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने में यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

गिरफ्तार आरोपी

जगदीश गोस्वामी उर्फ जग्गा गोस्वामी (34 वर्ष), निवासी मानीखेत, थाना एवं जनपद बागेश्वर।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

निरीक्षक सलाउद्दीन (प्रभारी एसओजी), उपनिरीक्षक गोल्डी घुघत्याल, मुख्य आरक्षी नवीन कुमार, कांस्टेबल संतोष कुमार और कांस्टेबल भुवन बोरा।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें