कंगना रनौत के मंदिर दर्शन के पुराने वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ प्रसारित करने पर राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज

देहरादून। सोशल मीडिया पर सांसद कंगना रनौत के मंदिर दर्शन के पुराने वीडियो को कथित रूप से भ्रामक और झूठे कैप्शन के साथ प्रसारित करने के मामले में देहरादून के राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, वीडियो के साथ गलत तथ्य जोड़कर पोस्ट, रील और टिप्पणियों के माध्यम से प्रसारित किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

नेहा शर्मा की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 को वादिनी नेहा शर्मा, प्रदेश मंत्री भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड ने थाना राजपुर में लिखित तहरीर दी। उन्होंने शिकायत में बताया कि सांसद कंगना रनौत द्वारा राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर तथा गजानन महाराज मंदिर में की गई पूजा-अर्चना के एक पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं झूठे कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियों के साथ प्रसारित किया जा रहा है।

शिकायत के अनुसार, वीडियो के माध्यम से यह मिथ्या तथ्य प्रसारित किए जा रहे हैं कि सांसद कंगना रनौत ने 29 अक्टूबर 2026 को भारत के प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए करवाचौथ का वैवाहिक व्रत रखा था।

महिला सांसद की गरिमा और धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

तहरीर में कहा गया कि उक्त भ्रामक वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग आईडी से प्रसारित किया जा रहा है। इसके माध्यम से महिला सांसद की गरिमा, सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा को आहत करने के साथ ही महिलाओं के प्रति अपमानजनक दृष्टिकोण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि हिंदू मंदिर में की गई पूजा-अर्चना को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर करवाचौथ जैसी पवित्र धार्मिक परंपरा का मजाक उड़ाया जा रहा है, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं। वादिनी ने इसे आपराधिक आशय से सुनियोजित षड्यंत्र के तहत सोशल मीडिया पर प्रचारित और प्रसारित किए जाने का आरोप लगाया है।

आईटी एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने वादिनी की शिकायत पर थाना राजपुर में मु०अ०सं०-275/26 दर्ज किया है। इसमें आईटी एक्ट की धारा 66(C)/66(D) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(1), 196(2), 299, 3(5), 318(4), 336(3), 340(2), 352, 353(2), 353(3), 356(1), 356(2), 61(2) और 79 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

एसएसपी के निर्देश पर डालनवाला प्रभारी निरीक्षक को सौंपी गई विवेचना

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर मुकदमे की विवेचना प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को सौंपी गई है। विवेचक की ओर से संबंधित अज्ञात सोशल मीडिया आईडी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सोशल मीडिया पर उक्त वीडियो प्रसारित करने वाले सभी संबंधित व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें