गोपेश्वर (चमोली)। विकास भवन गोपेश्वर के समीप नगर निगम की पार्किंग में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां खड़ी एक बोलेरो कार अचानक आग की लपटों से घिर गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास खड़े अन्य वाहनों पर भी खतरा मंडराने लगा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर सर्विस गोपेश्वर की टीम ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से पार्किंग में खड़े कई अन्य वाहन आग की चपेट में आने से बच गए।
सूचना मिलते ही मोटर फायर इंजन के साथ पहुंची टीम
जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर को फायर स्टेशन गोपेश्वर को विकास भवन के समीप नगर निगम की पार्किंग में खड़े एक बोलेरो वाहन में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मोटर फायर इंजन के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। उस समय बोलेरो वाहन से आग की तेज लपटें उठ रही थीं, जिससे आसपास खड़े अन्य वाहनों के भी आग की चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया था।
होज रील फैलाकर शुरू किया आग बुझाने का अभियान
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने तत्काल होज रील फैलाकर पंपिंग शुरू की और आग बुझाने का अभियान चलाया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से लपटों को आसपास खड़े अन्य वाहनों तक फैलने से रोक लिया गया।
कोई जनहानि नहीं, कई वाहन सुरक्षित बचाए
फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के चलते पार्किंग में खड़े कई अन्य वाहन सुरक्षित बचा लिए गए। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया।
आग बुझाने वाली टीम में ये कर्मी रहे शामिल
आग बुझाने वाली टीम में लीडिंग फायरमैन अतर सिंह राणा, चालक नितिन जोशी, फायरमैन परविन्द्र सिंह चौहान, प्रेम प्रकाश, पवन सिंह रावत और सरस्वती शामिल रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
