पोखरी (चमोली)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में बाल दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस पर विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए विभिन्न खेलकूद एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही छात्राओं को मिष्ठान वितरित करने के साथ उपहार भी भेंट किए गए।
छात्राओं के लिए आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं
बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय में छात्राओं के लिए खेलकूद, पेंटिंग, निबंध, कहानी लेखन, कविता और भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल रहा।
सर्दियों में गर्म पानी की सुविधा के लिए लगाया वाटर कूलर
विद्यालय के प्रधानाचार्य गंभीर सिंह असवाल ने बताया कि बाल दिवस के अवसर पर छात्राओं को सर्दियों में पीने के लिए गर्म पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाटर कूलर की व्यवस्था की गई है। इसके लिए दृष्टि ग्राफिक्स एवं गायत्री ट्रेडर्स गोपेश्वर के प्रोपराइटर भूपेन्द्र सिंह बिष्ट ने सहयोग प्रदान किया।
अनुराधा राणा ने किया वाटर कूलर का शुभारम्भ
विद्यालय परिसर में स्थापित वाटर कूलर का शुभारम्भ विद्यालय में कार्यरत हिंदी प्रवक्ता श्रीमती अनुराधा राणा, पत्नी श्री भूपेन्द्र सिंह राणा ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य गंभीर सिंह असवाल ने पूरे विद्यालय परिवार की ओर से श्री भूपेन्द्र सिंह राणा एवं श्रीमती अनुराधा राणा का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में श्रीमती विजया लक्ष्मी रावत, रेखा पटवाल राणा, अनुराधा राणा, पुष्पा नेगी, निशा, सविता राज, दिव्या, सुमन देवी, माहेश्वरी देवी सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
