गौचर मेले में स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प की विशेष छाप, विभिन्न स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

गौचर (चमोली)। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में इस बार स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प की विशेष छाप देखने को मिल रही है। मेले में विभिन्न विभागों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादकों की ओर से लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। ये स्टॉल न केवल पहाड़ की आर्थिकी और स्वरोजगार को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि स्थानीय हुनर को नई पहचान दिलाने का संदेश भी दे रहे हैं।

जनप्रतिनिधियों ने किया विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण

मेले के दौरान कर्णप्रयाग की ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, भाजपा की पूर्व प्रदेश संयोजक टीका प्रसाद मैखुरी तथा गौचर नगर पालिका परिषद के मनोनीत सदस्य सुनील कुमार ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर उत्पादों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों, कताई-बुनाई, महिला समूहों के कार्यों तथा कृषि एवं उद्यान विभाग की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया।

पहाड़ी उत्पादों और हस्तशिल्प ने खींचा लोगों का ध्यान

मेले में लगे स्टॉलों पर पहाड़ी राजमा, चौलाई, स्थानीय सेब, फल संरक्षण से तैयार सामग्री और हस्तनिर्मित वस्तुओं की आकर्षक प्रदर्शनी देखने को मिली। महिला समूहों की ओर से तैयार उत्पादों में पहाड़ी संस्कृति, पारंपरिक कौशल और आत्मनिर्भरता की झलक दिखाई दी। स्थानीय संसाधनों से तैयार इन उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में मेले की भूमिका भी महत्वपूर्ण नजर आ रही है।

महिला उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल रही मजबूती

इस अवसर पर प्रतिनिधियों ने कहा कि गौचर मेला केवल मनोरंजन और व्यापार का आयोजन नहीं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं, महिला उद्यमिता और पहाड़ के पारंपरिक उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादकों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर ही ‘लोकल फॉर वोकल’ की अवधारणा को धरातल पर उतारा जा सकता है। मेले में स्थानीय उत्पादों की बढ़ती भागीदारी इस दिशा में सकारात्मक पहल है।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान

 


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें