रुद्रप्रयाग, 11 नवंबर। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को प्रातः 8:30 बजे पूर्ण वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान, पूजा-अर्चना एवं धार्मिक परंपराओं के अनुरूप शीतकाल के लिए विधिवत बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की श्री केदारनाथ धाम यात्रा का भी विधिवत समापन हो गया। इस पावन अवसर पर पूरा केदारनाथ धाम बाबा केदार के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।
तड़के 4 बजे से शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान
कपाट बंद होने की प्रक्रिया बुधवार तड़के प्रातः 4 बजे से विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रारंभ हुई। निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार समस्त पूजा-अर्चना और वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इसके बाद प्रातः 8:30 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी
कपाट बंद होने के इस पावन अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति सोहन सिंह रागड़, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी अवनी तिवारी, चौकी प्रभारी केदारनाथ मुकेश डिमरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, तीर्थ पुरोहितगण, हक-हकूकधारी एवं देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
जयकारों के बीच शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ के लिए रवाना हुई बाबा केदार की डोली
कपाट बंद होने के पश्चात भगवान श्री केदारनाथ जी की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। बाबा केदार की डोली के धाम से रवाना होने के दौरान श्रद्धालुओं ने भावुक मन से जयकारे लगाते हुए डोली को विदाई दी। इस दौरान अधिकांश श्रद्धालु डोली के साथ ही केदारनाथ धाम से रवाना हुए।
13 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी बाबा केदार की उत्सव डोली
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 नवंबर को बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली का प्रथम रात्रि प्रवास रामपुर में होगा। इसके बाद 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी तथा 13 नवंबर को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां धार्मिक परंपराओं एवं विधि-विधान के अनुसार भगवान श्री केदारनाथ जी की शीतकालीन पूजा-अर्चना प्रारंभ होगी।
छह माह तक ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे बाबा केदार के दर्शन
शीतकाल के आगामी छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में संपन्न होंगे। इस अवधि में श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल पर दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
