ऋषिकेश। देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय विश्वनाथ प्रताप सिंह के सुपुत्र अजय प्रताप सिंह ऋषिकेश पहुंचकर ऐतिहासिक श्री भरत मंदिर में हृषिकेश नारायण भरत भगवान के दर्शन किए। इस दौरान श्री भारत मंदिर संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों द्वारा वेद मंत्रों के उच्चारण और पुष्पवर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
श्री भरत मंदिर में हुआ भव्य स्वागत और अभिनंदन
महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि अजय प्रताप सिंह एवं श्रीसुख पीठ के जम्मू महंत प्रभाकर जी महाराज का भरत मंदिर में पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्री भारत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज ने उनका स्वागत करते हुए मंदिर परिसर में उन्हें अंगवस्त्र (उत्तरीय) एवं पुष्पहार पहनाकर भरत जी महाराज का स्मृति चिह्न भेंट स्वरूप प्रदान किया।
चारों धामों के दर्शन करने जैसा मिला सौभाग्य
भगवान हृषिकेश नारायण के दर्शन करने के उपरांत अजय प्रताप सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें भरत भगवान के दर्शन करने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने स्मरण किया कि कभी उनके पिता श्री विश्वनाथ प्रताप सिंह भी भगवान के दर्शन करने यहां आए थे। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उन्हें ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो उन्होंने आज चारों धामों के दर्शन कर लिए हों और यह सब उनके पूर्व जन्मों का ही आशीर्वाद है।
सनातन संस्कृति और प्राचीन धरोहर की सराहना
उन्होंने महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज को बधाई देते हुए कहा कि इस पौराणिक धरोहर को जीवित रखते हुए आज की युवा पीढ़ी को प्रेरणा देने का अत्यंत सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति, हमारी विरासत और हमारी सभ्यता यह भली-भांति दर्शाती है कि हम युगों-युगों से सनातन संस्कृति के संस्कारों के माध्यम से मार्गदर्शन प्राप्त करते रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर, भद्रकाली मंदिर, पौराणिक वटवृक्ष तथा म्यूज़ियम में रखी पांचवीं ईसवी की प्राचीन शिलालेख के भी दर्शन किए।
प्रमुख रूप से उपस्थित गणमान्य लोग
इस गरिमामयी अवसर पर महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज, महंत प्रभाकर महाराज, वरुण शर्मा, महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज, दिवाकर पांडे, रवि देव पांडे और दीपक भारद्वाज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
