देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में देर रात नयागांव के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार थे बदमाश
जानकारी के अनुसार, नयागांव के पास पुलिस की टीम सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक मोटरसाइकिल को बुडपुर की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल
पीछा किए जाने के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घायल बदमाशों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भी घटना के संबंध में जानकारी ली। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच की।
पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर में नकबजनी की घटनाओं का दावा
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में बदमाशों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। उन्होंने कथित तौर पर आज भी वारदात को अंजाम देने के इरादे से जाने की बात कही है। पुलिस इन जानकारियों के संबंध में आगे जांच कर रही है।
घायल बदमाशों की पहचान
पुलिस के अनुसार, घायल बदमाशों की पहचान निम्न रूप में हुई है:
- समीम पुत्र इलियास, निवासी रुड़की, हरिद्वार।
- शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, हरिद्वार।
दोनों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ देहरादून और हरिद्वार में कई मुकदमे दर्ज हैं। समीम पर एक दर्जन से अधिक अभियोग दर्ज होने की जानकारी दी गई है। दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
पुलिस मामले में अन्य जानकारियां जुटा रही है और आरोपियों से संबंधित आपराधिक गतिविधियों की जांच की जा रही है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
