हल्द्वानी के होटल में 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, महिला साथी हिरासत में

हल्द्वानी। हल्द्वानी के एक होटल में 32 वर्षीय शादीशुदा युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद युवक के साथ मौजूद महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवक की तबीयत बिगड़ने से पहले कथित तौर पर शक्तिवर्धक गोली लेने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया युवक

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात होटल में ठहरे युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद होटल स्टाफ को सूचना दी गई। महिला साथी ने होटल कर्मचारियों की मदद से युवक को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच के दौरान होटल के कमरे से कथित तौर पर एक गोली और उसका रैपर मिलने की जानकारी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने तबीयत बिगड़ने से पहले शक्तिवर्धक दवा का सेवन किया था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि दवा और युवक की मौत के बीच कोई संबंध है या नहीं।

दिल्ली से हल्द्वानी पहुंची थी महिला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला बस से दिल्ली से हल्द्वानी पहुंची थी। युवक हल्द्वानी का निवासी बताया जा रहा है। दोनों शादीशुदा हैं और उनके दो-दो बच्चे होने की जानकारी दी गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच

एसपी सिटी हरबंस सिंह के मुताबिक, मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। युवक के शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और बिसरा सुरक्षित रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर आगे की जांच की जा सके।

पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें