बदरीनाथ (चमोली)। बदरीनाथ धाम में स्थानीय माला विक्रेता और चमोली पुलिस ने ईमानदारी एवं सेवा भाव का परिचय देते हुए श्रद्धालुओं का खोया सामान सुरक्षित वापस लौटाया। स्थानीय माला विक्रेता ने नकदी और जरूरी दवाइयों से भरा पर्स पुलिस को सौंपा, वहीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए श्रद्धालुओं से संपर्क कर उनका सामान वापस दिलाया।
तप्त कुंड की सीढ़ियों पर मिला पर्स
जानकारी के अनुसार, कर्नाटक निवासी श्रद्धालु गीता जी का पर्स तप्त कुंड की सीढ़ियों पर छूट गया था। पर्स में नकदी के साथ उनकी आवश्यक दवाइयां भी रखी थीं। इसी दौरान स्थानीय माला विक्रेता उमेद पवार को पर्स मिला। उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए उसे अपने पास रखने के बजाय पुलिस कंट्रोल रूम में जमा करा दिया।
इसके बाद मुख्य आरक्षी वीरप्रताप और आरक्षी अरुण गैरोला ने आपसी समन्वय से अनाउंसमेंट के माध्यम से संबंधित महिला से संपर्क किया। पहचान की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पर्स उन्हें सुरक्षित सौंप दिया गया।
गाजियाबाद निवासी का मोबाइल भी लौटाया
एक अन्य मामले में चमोली पुलिस ने गाजियाबाद निवासी राजेन्द्र का खोया हुआ मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें वापस लौटा दिया। खोया सामान सुरक्षित मिलने पर दोनों श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। उन्होंने पुलिस की तत्परता और स्थानीय माला विक्रेता उमेद पवार की ईमानदारी की सराहना की।
पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से सुरक्षित यात्रा
बदरीनाथ धाम में हुई इन घटनाओं ने चारधाम यात्रा के दौरान पुलिस की सक्रियता और स्थानीय लोगों के सहयोग के महत्व को एक बार फिर सामने रखा है। इस तरह की पहल श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने में अहम भूमिका निभाती है।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
