चंपावत/बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज चंपावत और बनबसा के दौरे पर रहेंगे। भ्रमण के दौरान वे विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और जनकल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
चंपावत में विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे चंपावत स्थित सर्किट हाउस हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां वे विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ अन्य कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:05 बजे नागार्जुन पार्क पहुंचकर नवनिर्मित पार्क को जनता को समर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे बस स्टेशन के समीप होटल न्यू तिवारी पहुंचेंगे। यहां दोपहर 1:45 बजे से 2:45 बजे तक जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक और भेंट-वार्ता का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद वे बनबसा के लिए रवाना होंगे।
नशा मुक्ति अभियान का करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री दोपहर 3:50 बजे बनबसा स्थित एनएचपीसी हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 4:10 बजे पाटनी तिराहे पर ‘रन फॉर नशा मुक्ति अभियान’ का शुभारंभ करेंगे।
इस दौरान सीएसआर के तहत टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। मुख्यमंत्री नवनिर्मित बजरंगबली की मूर्ति का अनावरण करने के साथ सुंदरकांड पाठ में भी सहभागिता करेंगे।
मिनी स्टेडियम में खेल सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
दौरे के अगले चरण में मुख्यमंत्री शाम 4:50 बजे बनबसा मिनी स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार और खेल किट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।
इस पहल से क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम 5:50 बजे बनबसा मिनी स्टेडियम से कार द्वारा अपने निजी आवास नगला तराई, खटीमा (ऊधमसिंह नगर) के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास कार्यों, सामाजिक जागरूकता और खेल गतिविधियों पर केंद्रित रहेगा। प्रस्तावित कार्यक्रमों के माध्यम से विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
