गोपेश्वर। सेवा संकल्प अभियान के तहत चमोली के स्कूली विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया। किसी ने रंगों के माध्यम से विकसित भारत की तस्वीर उकेरी तो किसी ने भाषण और नाट्य मंचन के जरिए देशभक्ति एवं सामाजिक सरोकारों को प्रस्तुत किया। जनपद के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के बाद 30 सितंबर को अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर में जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
‘मेरे सपनों का भारत-2047’ और ‘विकसित उत्तराखंड’ रहे विषय
विद्यार्थियों में रचनात्मकता, देशभक्ति और विकसित भारत की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिताओं में चित्रकला, निबंध, भाषण, नाट्य मंचन और रंगोली को शामिल किया गया। प्रतियोगिताओं के लिए ‘मेरे सपनों का भारत-2047’ और ‘विकसित उत्तराखंड’ जैसे विषय निर्धारित किए गए थे।
विद्यालय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों ने विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जिसके बाद उन्हें जनपद स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
26 सितंबर को जूनियर और माध्यमिक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। माध्यमिक वर्ग में नाट्य मंचन भी हुआ। वहीं, 28 सितंबर को प्राथमिक, जूनियर और माध्यमिक वर्गों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी आयोजित की गई। विद्यार्थियों की ओर से तैयार चित्रों को जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के बाद आमजन के अवलोकन के लिए भी प्रदर्शित किया गया।
चित्रकला में आदिश्री, वेदांश और नितिन रहे अव्वल
चित्रकला प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में आदिश्री रावत और ठाकुर सिंह नेगी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्कर्ष नेगी द्वितीय और प्रियांशु तृतीय स्थान पर रहे।
जूनियर वर्ग में वेदांश पुरोहित ने प्रथम, कामाक्षी ने द्वितीय और आयुष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में नितिन प्रथम, खुशी द्वितीय और अदिति तृतीय स्थान पर रहीं।
नाट्य मंचन में जीआईसी ग्वाड़ देवलधार की टीम प्रथम
नाट्य मंचन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जीआईसी ग्वाड़ देवलधार की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम में देवराज, अभिराज, अरमान और अखिल शामिल रहे।
रंगोली प्रतियोगिता में जीआईसी सिमली की स्तुति पुरोहित ने प्रथम, जीआईसी आली की नयनतारा ने द्वितीय और जीआईसी कौब की तमन्ना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता में प्रेमा और गुंजन ने मारी बाजी
भाषण प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जीआईसी सवाड़ की प्रेमा भंडारी प्रथम, जीआईसी जैणी की श्रेया द्वितीय और जीजीआईसी नंदानगर की संध्या तृतीय रहीं।
जूनियर वर्ग में गुंजन ने प्रथम, तन्वी ने द्वितीय और पूर्णिमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निबंध प्रतियोगिता में मनीषा और दिव्यांशु प्रथम
निबंध प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में मनीषा प्रथम, सिया द्वितीय और वंशिका डोभाल तृतीय रहीं।
सीनियर वर्ग में जीआईसी तपोवन के दिव्यांशु ने प्रथम, जीआईसी सिलपाटा की रचना ने द्वितीय और देवभूमि पब्लिक स्कूल रविग्राम की दिव्या ने तृतीय स्थान हासिल किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही देश के भविष्य और विकास को लेकर अपनी कल्पनाओं को अभिव्यक्त करने का मंच प्रदान किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
