गोपेश्वर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित राजकीय वृद्ध एवं अशक्त आवास गृह में सम्मान समारोह एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के वरिष्ठ नागरिकों को शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान वरिष्ठजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत 30 सहायक उपकरण वितरित किए गए।
वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही उन्हें सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों से उनके अनुभव और सुझाव भी लिए गए।
‘पीढ़ियों का कारवां’ पर प्रतियोगिताएं
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए ‘पीढ़ियों का कारवां’ विषय पर पेंटिंग, निबंध और गायन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से नई पीढ़ी को वरिष्ठजनों के अनुभवों और समाज में उनके योगदान से जोड़ने का प्रयास किया गया।
वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पुनीत कुमार ने फ्रंट ऑफिस हेल्पलाइन डेस्क की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में भी सहायता प्रदान की जाती है।
उन्होंने वरिष्ठजनों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए उनका व्हाट्सऐप ग्रुप तैयार कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ साझा करने के निर्देश दिए।
युवाओं से नशे के खिलाफ अभियान में जुड़ने की अपील
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने युवाओं से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ‘एक युद्ध, नशे के विरुद्ध’ मुहिम से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए युवाओं को आगे आकर लोगों को जागरूक करना चाहिए।
इस दौरान अधिवक्ता समीर बहुगुणा, जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय सिंह लिंगवाल सहित सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत वरिष्ठजन, छात्र-छात्राएं और विभिन्न विभागों के कार्मिक मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
