देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य योजना के अंतर्गत विभिन्न विकास एवं पुलिस संबंधी कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। इसमें नैनीताल, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण के साथ पुलिस प्रशिक्षण, आवास और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) कक्षों के निर्माण से जुड़े कार्य शामिल हैं।
तीन सड़क परियोजनाओं के लिए ₹8.17 करोड़ मंजूर
राज्य योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र नैनीताल में शहीद संजय बिष्ट मोटर मार्ग के किमी 04 से तितोली तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए ₹3.20 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
वहीं, जनपद बागेश्वर के विधानसभा क्षेत्र बागेश्वर में देवलधार-माईथान लेटी-गिरेछीना मोटर मार्ग के अवशेष भाग (किमी 07 से किमी 11.500 तक) के निर्माण के लिए ₹1.67 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
इसके अलावा जनपद टिहरी गढ़वाल में मोटना से झिवाली तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए ₹3.30 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
इन तीनों सड़क परियोजनाओं के लिए कुल ₹8.17 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पुलिस प्रशिक्षण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए टिनशैड
जनपद नैनीताल के अंतर्गत आरआरबी प्रथम बैलपड़ाव रामनगर (नैनीताल) वाहिनी परिसर में प्रशिक्षण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए टिनशैड निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। इसके लिए कुल ₹77.32 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹46.39 लाख जारी किए जाने का अनुमोदन किया गया है।
अल्मोड़ा पुलिस लाइन में 22 आवासों का निर्माण
जनपद अल्मोड़ा की पुलिस लाइन में टाइप-द्वितीय के 16 और टाइप-तृतीय के 6 आवासों के निर्माण के लिए ₹8.67 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
इसके अतिरिक्त पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर, चम्पावत, धारचूला, खटीमा, रामनगर एवं श्रीनगर के कार्यालयों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) कक्षों के निर्माण के लिए ₹3.92 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
