हर्षिल/उत्तरकाशी। जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्र से ट्रैकर्स के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए चलाए जा रहे अभियान का जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमों से ट्रैकर्स की लोकेशन, मौसम की स्थिति तथा हवाई एवं पैदल बचाव अभियानों की विस्तृत जानकारी ली।
विपरीत मौसम में भी रेस्क्यू अभियान जारी
जिलाधिकारी ने कहा कि विपरीत मौसम और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद सभी रेस्क्यू टीमें आपसी समन्वय के साथ अभियान चला रही हैं। ट्रैकर्स को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने रेस्क्यू अभियान में जुटी सभी टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच भी बचाव कार्य प्रभावी ढंग से जारी रह सके।
हेलीपैड पर चिकित्सा और राहत व्यवस्था के निर्देश
डीएम ने हेलीपैड पर एम्बुलेंस, चिकित्सा दल और राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू होकर पहुंचने वाले ट्रैकर्स को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाए।
इसके साथ ही जरूरत के अनुसार ट्रैकर्स को गर्म कपड़े, भोजन और पानी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि रेस्क्यू के बाद उनकी आवश्यक देखभाल सुनिश्चित हो सके।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
