ऋषिकेश: नीलकंठ मार्ग पर पहाड़ी से नीचे नदी के बहाव क्षेत्र में फंसी महिला को SDRF ने सुरक्षित रेस्क्यू किया

ऋषिकेश। थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्रांतर्गत नीलकंठ मार्ग पर गरुड़ चट्टी से आगे पहाड़ी से नीचे नदी के बहाव क्षेत्र में फंसी एक महिला को SDRF की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। घटना 19 सितंबर 2026 की है।

सूचना मिलने पर SDRF ढालवाला की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि महिला पहाड़ी से काफी नीचे नदी के बहाव क्षेत्र के समीप फंसी हुई थी और अत्यधिक भयभीत थी।

रोप रेस्क्यू तकनीक से महिला तक पहुंची टीम

परिस्थितियों को देखते हुए SDRF टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए रोप रेस्क्यू तकनीक के माध्यम से पहाड़ी से नीचे उतरकर महिला तक पहुंच बनाई। टीम ने महिला को ढांढस बंधाया और मानसिक रूप से मजबूत किया।

इसके बाद आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ महिला को सुरक्षित तरीके से पहाड़ी से ऊपर लाकर नीलकंठ मार्ग की सड़क तक पहुंचाया गया। तत्पश्चात आवश्यक कार्रवाई के लिए उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

हरियाणा की निवासी है महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार रेस्क्यू की गई महिला की पहचान विदिशा, उम्र 24 वर्ष, निवासी हिसार, हरियाणा के रूप में हुई है।

SDRF टीम की तत्परता और कुशल रेस्क्यू तकनीक के चलते महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू टीम में ये रहे शामिल

रेस्क्यू अभियान में उपनिरीक्षक सुरेंद्र नेगी, अर्जुन, किशोर, रमेश भट्ट, मनमोहन, संदीप और दीपक शामिल रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें