ऋषिकेश में नाबालिग से दुष्कर्म मामले पर महिला आयोग सख्त—अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने पीड़िता से की मुलाकात

ऋषिकेश/देहरादून। ऋषिकेश के एक होटल में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग छात्रा से दोस्ती कर दुष्कर्म किए जाने के मामले में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए एम्स ऋषिकेश पहुंचकर उपचाराधीन पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की तथा घटना की जानकारी ली।

आयोग अध्यक्ष ने पीड़िता को हरसंभव न्याय, समुचित उपचार और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने अस्पताल एवं पुलिस अधिकारियों को मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज करने के निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुसुम कंडवाल ने पुलिस अधीक्षक देहात जया बलूनी और ऋषिकेश थाना प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट से फोन पर बातचीत कर घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश तेज करने और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

होटल प्रबंधन की भूमिका पर भी सख्ती

महिला आयोग अध्यक्ष ने होटल प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड को पत्र भेजकर प्रदेश के सभी होटलों में कम से कम तीन माह का सीसीटीवी बैकअप सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा।

उन्होंने कहा कि सीसीटीवी रिकॉर्ड सुरक्षित रहने से आवश्यकता पड़ने पर पुलिस, महिला आयोग और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट संदिग्ध गतिविधियों एवं होटल में आने-जाने वाले लोगों की जांच कर सकेंगे।

कुसुम कंडवाल ने बिना वैध पहचान पत्र और आयु सत्यापन के नाबालिगों को कमरा उपलब्ध कराने वाले होटलों को चिन्हित कर उनके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने की बात कही।

अभिभावकों से सोशल मीडिया पर सतर्कता की अपील

आयोग अध्यक्ष ने अभिभावकों से बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर विशेष निगरानी और सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को सोशल मीडिया के संभावित खतरों के प्रति जागरूक करना जरूरी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा मामले में कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें