देहरादून। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित दो कार्यक्रमों में प्रदेश की मातृशक्ति के साथ पर्व मनाया। मुख्यमंत्री ने जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म और हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में प्रतिभाग किया। दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्नेह और आशीर्वाद के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बहनों के बीच पहुंचकर उन्हें ऐसा अनुभव हो रहा है, जैसे कोई भाई अपने परिवार के बीच आया हो। मातृशक्ति का स्नेह और विश्वास ही उन्हें प्रदेश की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है।
नारी सम्मान और सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का भी प्रतीक है। यह पर्व समाज में नारी सम्मान के महत्व का स्मरण कराता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी मातृशक्ति होती है। महिलाओं के सशक्त होने का प्रभाव केवल परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पूरा समाज और राष्ट्र आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहाड़ी महिलाओं ने कठिन परिस्थितियों को अपनी ताकत बनाया है और प्रदेश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
5 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में करीब 5 लाख महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इसके अलावा सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त बहना उत्सव, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना और मुख्यमंत्री उद्यमशाला जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
केंद्र की योजनाओं का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी अभियान को महत्वपूर्ण पहल बताया।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण, शौचालय निर्माण और तीन तलाक जैसी कुप्रथा के खिलाफ उठाए गए कदम भी महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल विरोधी कानून सहित कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर अवसर मिलें तथा भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
“मुख्यमंत्री नहीं, एक भाई के रूप में आपके बीच आया हूं”
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के इन कार्यक्रमों में वे केवल मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई के रूप में बहनों के बीच पहुंचे हैं। उन्होंने मातृशक्ति को भरोसा दिलाया कि प्रदेश की किसी भी बहन या बेटी को कोई परेशानी हो तो वह अपनी बात मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा सकती है। उनकी समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां बेटियां सुरक्षित हों, महिलाएं आत्मनिर्भर हों, माताएं सम्मान के साथ जीवन व्यतीत करें और प्रदेश का युवा अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त रहे।
28 और 29 अगस्त को महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा
रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं को विशेष सौगात देते हुए 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा की घोषणा की। इससे महिलाएं रक्षाबंधन पर अपने मायके और परिवारजनों से मिलने के लिए सुगमता से यात्रा कर सकेंगी।
दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं मौजूद
जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म में आयोजित कार्यक्रम में आयोजक जोगिंदर सिंह पुंडीर, उत्तराखंड आपदा प्रबंधन राज्य सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
वहीं, हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही। मुख्यमंत्री ने दोनों कार्यक्रमों में महिलाओं से संवाद कर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
