श्रीनगर। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भाजपा के बढ़ते संगठनात्मक विस्तार के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संभावित दावेदारों की सक्रियता भी लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में श्रीनगर विधानसभा सीट से पूर्व में चुनाव लड़ चुके भाजपा के वरिष्ठ नेता मोहन काला की क्षेत्र में सक्रियता एक बार फिर चर्चा में है।
भाजपा के लगातार बढ़ते कुनबे और विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों के विस्तार को देखते हुए कांग्रेस खेमे में भी हलचल बढ़ने की बात सामने आ रही है। वहीं, आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा में संभावित दावेदारों की संख्या बढ़ती दिखाई दे रही है।
श्रीनगर से चुनाव लड़ने की दावेदारी बरकरार
मोहन काला ने एक भेंटवार्ता में कहा कि वह भाजपा के एक कार्यकर्ता हैं और पार्टी उन्हें जहां भी जिम्मेदारी देगी, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि श्रीनगर आज भी उनकी कर्मस्थली है और उनकी दावेदारी बरकरार है।
उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में वह तीसरे स्थान पर रहे थे, लेकिन जनता ने उन्हें अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की भावनाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप वह श्रीनगर की सेवा के लिए निरंतर तैयार हैं।
भाजपा में बढ़ रही दावेदारों की सक्रियता
श्रीनगर विधानसभा सीट पर वर्तमान विधायक एवं कैबिनेट मंत्री भी अपने कार्यों के आधार पर मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। इसके साथ ही भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता बढ़ने से आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा शुरू हो गई है।
मोहन काला की क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता को भी इसी राजनीतिक परिदृश्य से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, अंतिम तौर पर पार्टी किसे चुनाव मैदान में उतारती है, यह भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगा।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
