गोपेश्वर: रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मंदिर में श्री राधा-कृष्ण की नवीन मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न

गोपेश्वर। रिजर्व पुलिस लाइन गोपेश्वर स्थित मंदिर में श्री राधा-कृष्ण की नवीन मूर्तियों की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा धार्मिक विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार समेत पुलिस परिवार के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन

मंदिर के पुजारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और हवन कराया गया। हवन में पुलिस परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक आहुति देकर जनपद एवं पुलिस परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

इसके बाद श्री राधा-कृष्ण की नवीन मूर्तियों को मंदिर में विधिवत स्थापित कर प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई।

पुलिस परिवार और स्थानीय लोगों की आस्था का केंद्र है मंदिर

रिजर्व पुलिस लाइन स्थित यह मंदिर लंबे समय से पुलिस परिवार के साथ ही गोपेश्वर के लोगों की आस्था और आध्यात्मिक जुड़ाव का केंद्र रहा है। नवीन मूर्तियों की स्थापना के बाद मंदिर की धार्मिक एवं आध्यात्मिक गरिमा और बढ़ गई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना की। उन्होंने जनपदवासियों और समस्त पुलिस परिवार के सुख-शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, प्रतिसार निरीक्षक जितेंद्र जोशी, यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल, प्रभारी निरीक्षक गोपेश्वर अनुरोध व्यास समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें