गोपेश्वर में उत्तराखंड क्रांति दल के बृजमोहन सजवाण ने वृद्धा आश्रम में बुजुर्गों से माँगा आशीर्वाद—भेंट की इलेक्ट्रिक कैटल

गोपेश्वर/चमोली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवाण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गोपेश्वर स्थित राजकीय वृद्धा आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान बुजुर्गों को मिष्ठान वितरित किया गया। साथ ही आश्रम के उपयोग के लिए इलेक्ट्रिक कैटल भी भेंट की गई।

बुजुर्गों के बीच मनाया स्वतंत्रता दिवस

इस अवसर पर केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवाण ने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग तक सम्मान, अपनापन और आवश्यक सुविधाएं पहुंचें। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा समाज और देश के निर्माण में लगाया है। ऐसे में उनके बीच स्वतंत्रता दिवस मनाना गर्व और सौभाग्य की बात है।

आश्रम पद्धति के बच्चों से भी मिले कार्यकर्ता

इसके बाद कार्यकर्ता राजकीय आश्रम पद्धति पहुंचे और वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों से मुलाकात की। बच्चों को मिष्ठान वितरित करने के साथ उनके लिए आवश्यक राशन की व्यवस्था भी की गई।

इस दौरान विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम, देश के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारियों और आजादी के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

बृजमोहन सजवाण ने कहा कि देश की आजादी केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। आज के बच्चे ही देश और उत्तराखंड का भविष्य हैं। उन्हें शिक्षा और संस्कार के साथ राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना लेकर आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़ा है और सेवा, सम्मान एवं जनहित से जुड़े कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।

इस अवसर पर जिला कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट, दशोली ब्लॉक अध्यक्ष एवं युवा प्रकोष्ठ से सौरभ बिष्ट सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें