चमोली। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर, चमोली में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया। समारोह में देश की स्वतंत्रता और रक्षा के लिए अपना बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
शहीद सैनिकों के परिजनों का सम्मान
समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने शहीद सैनिकों के आश्रितों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर श्रीमती शांति देवी (पत्नी राइफलमैन स्व. सुरेंद्र सिंह), श्रीमती कुसुमलता देवी (पत्नी हवलदार स्व. दिनेश चंद्र सती), श्रीमती ऊषा देवी (पत्नी नायक स्व. जगदीश प्रसाद), श्रीमती नेहा देवी (पत्नी हवलदार स्व. वासुदेव सिंह), श्रीमती सोबती देवी (पत्नी लांस नायक स्व. किशन सिंह तोपाल), श्रीमती कला देवी (पत्नी नायक स्व. आनंद सिंह) तथा श्रीमती गीता देवी (पुत्री नायक/सूबेदार स्व. मदन लाल) को सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने शहीद सैनिकों के परिजनों के त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
शहीद स्मारक पर अर्पित की पुष्पांजलि
ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए जनपदवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
सीमांत क्षेत्रों के विकास पर जोर
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्वच्छ, सुरक्षित, सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित चमोली बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने सीमांत एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विकास, युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर बढ़ाने, महिला सशक्तिकरण, कृषि-बागवानी, पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में प्रभावी ढंग से कार्य करने की अपील की। साथ ही आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करने तथा हिमालय एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे, कोषाधिकारी राजीव कांत सहित अन्य अधिकारी, कार्मिक एवं भूतपूर्व सैनिक मौजूद रहे।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
