ग्वालदम में कुत्ते का मांस जंगली जानवर बताकर बेचने की अफवाह, पुलिस ने आरोपी को किया हिरासत में

ग्वालदम। गढ़वाल-कुमाऊं की मध्यस्थली और पर्यटन नगरी ग्वालदम में जंगली जानवर का मांस बताकर कुत्ते का मांस बेचे जाने की अफवाह से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद मामले की अभी तक किसी भी स्तर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

कथित रूप से मांस बेचने का आरोप

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत ग्वालदम के करूणपानी क्षेत्र के एक युवक पर पिछले दिनों कुत्ते का मांस जंगली जानवर का मांस बताकर बेचने का आरोप लगाया गया है। यह चर्चा ग्वालदम के साथ थराली, देवाल और आसपास के क्षेत्रों में भी फैल गई है। हालांकि, कथित तौर पर मांस खरीदने वाले लोग सामने आकर बयान देने को तैयार नहीं हैं।

पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली

अफवाह की जानकारी ग्वालदम पुलिस तक पहुंचने के बाद चौकी प्रभारी लक्ष्मण नेगी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कथित आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने उसके घर की तलाशी भी ली, लेकिन वहां से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

फिलहाल मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है। वहीं, क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या कम होने की चर्चाएं भी इस अफवाह को और हवा दे रही हैं।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें