चमोली: घांघरिया में बिहार के युवक को रातभर की तलाश के बाद सकुशल बरामद किया

चमोलीउत्तराखंड के घांघरिया क्षेत्र में संभावित अनहोनी की आशंका के बीच चमोली पुलिस ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए बिहार के एक 26 वर्षीय युवक को रातभर की तलाश के बाद सकुशल खोज निकाला। युवक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस लेते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

‘मैं घर नहीं लौटूंगा’ कहकर किया फोन बंद

पुलिस के अनुसार, 07 जुलाई 2026 को चौकी घांघरिया प्रभारी उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को बिहार के पटना निवासी एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उनका 26 वर्षीय पुत्र अतुल आनंद घर से नाराज होकर चला गया है।

युवक ने अपने पिता को फोन कर बताया कि वह उत्तराखंड में है और अब घर वापस नहीं आएगा। बातचीत के दौरान उसने ऐसे शब्द कहे, जिससे परिजनों को किसी अप्रिय घटना की आशंका हुई। इसके तुरंत बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया।

घांघरिया में मिली अंतिम लोकेशन, शुरू हुआ सर्च अभियान

तकनीकी माध्यमों से युवक की अंतिम लोकेशन घांघरिया क्षेत्र में मिलने पर चौकी प्रभारी ने तत्काल मामले की जानकारी प्रभारी निरीक्षक गोविंदघाट को दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कई टीमों का गठन कर घांघरिया, गोविंदघाट और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान शुरू किया।

रातभर होटल, धर्मशाला और टेंटों में हुई तलाश

पुलिस टीमों ने देर रात तक होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं, टेंट, दुकानों और अन्य संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने अतुल आनंद को घांघरिया क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।

इसके बाद युवक को सुरक्षित कोतवाली गोविंदघाट लाया गया और उसकी कुशलता की सूचना तत्काल परिजनों को दी गई।

परिजनों ने पुलिस का जताया आभार

सूचना मिलने के बाद युवक के परिजन बिहार से चमोली पहुंचे। आवश्यक पूछताछ और वैधानिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद युवक को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।

अपने बेटे को सुरक्षित देखकर परिजनों ने चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

  • प्रभारी निरीक्षक चित्रगुप्त

  • चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह

  • कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह नेगी

  • कांस्टेबल नन्दी नेगी

  • कांस्टेबल राहुल सिंह नेगी

  • कांस्टेबल गौरव सिंह नेगी


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें