चमोली | ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह’ के तहत गुरुवार को विकासखंड सभागार दशोली में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
174 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर के माध्यम से कुल 174 लाभार्थियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ दिया गया।
विभागवार लाभ इस प्रकार रहा—
-
कृषि विभाग ने 16 किसानों को कृषि यंत्र वितरित किए।
-
उद्यान विभाग ने 22 लाभार्थियों को सब्जी बीज एवं कीटनाशक दवाएं उपलब्ध कराईं।
-
पशुपालन विभाग ने 12 लाभार्थियों को पशु औषधियां वितरित कर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
-
महिला एवं बाल विकास विभाग ने 4 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की।
-
ग्रामीण विकास विभाग ने 8 लाभार्थियों को बीपीएल प्रमाण-पत्र, जॉब कार्ड एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए।
-
अन्य विभागों ने भी पात्र नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ, परामर्श एवं आवश्यक सेवाएं प्रदान कीं।
26 शिकायतें दर्ज, 18 का मौके पर समाधान
शिविर के दौरान आमजन से 26 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।
अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष राम चन्द्र गौड़ ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र एवं अन्य लाभकारी सामग्री भी वितरित की गई।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पंचायती राज, विद्युत, जल संस्थान, उद्योग, आयुष, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रमुख क्षेत्र पंचायत दशोली विनीता देवी, जिला पंचायत सदस्य संतोषी, भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी, मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी, खंड विकास अधिकारी भगवान सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
