चमोली।
कर्णप्रयाग पुलिस ने बिजली लाइन निर्माण सामग्री चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लगभग ₹8 लाख मूल्य की चोरी गई विद्युत सामग्री शत-प्रतिशत बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी (लोडर) वाहन भी जब्त कर लिया है।
साइट से चोरी हुई थी निर्माण सामग्री
पुलिस के अनुसार, 04 जुलाई 2026 को टी.एस. पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साइट इंजीनियर नकुल कुमार, निवासी जमुई (बिहार), ने कोतवाली कर्णप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई कि आर.डी.एस.एस. परियोजना के अंतर्गत नौटी, पुडियाणी एवं जाख गांवों में बिजली लाइन बदलने के लिए साइट पर रखी गई लगभग 1100 मीटर पीवीसी (A.B.C.) केबल, 3-4 कुंतल एल्युमीनियम वायर तथा हार्डवेयर सामग्री अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया, जिसमें रात के समय एक संदिग्ध छोटा हाथी (लोडर) वाहन की आवाजाही सामने आई।
गौचर में दबिश देकर चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 04 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे गौचर पुलिस चौकी पर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन से चोरी की गई पूरी सामग्री बरामद कर ली गई तथा मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
-
मो. दानिश पुत्र राशिद, निवासी महमूनपुर टिगरी, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), उम्र 23 वर्ष
-
चाँद मोहम्मद पुत्र इलियास, निवासी महमूनपुर टिगरी, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), उम्र 20 वर्ष
-
फरमान पुत्र बाबूखान, निवासी ग्राम सैमरी, थाना राजपुरा, जनपद सम्भल (उत्तर प्रदेश), उम्र 30 वर्ष
-
सुएब पुत्र सालउद्दीन, निवासी ग्राम शिकारपुर, थाना शिकारपुर, जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश), उम्र 23 वर्ष
बरामदगी
-
घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी लोडर वाहन (UP 14 ST 4911)
-
08 बंडल पीवीसी (A.B.C.) केबल वायर
-
07 बंडल एल्युमीनियम वायर
-
04 कट्टे हार्डवेयर एसेसरीज
बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग ₹8 लाख आंकी गई है।
अभियुक्तों पर मुकदमा दर्ज
चारों आरोपियों के विरुद्ध मु.अ.सं. 21/2026 के तहत धारा 303(2)/317(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं, उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल, अपर उपनिरीक्षक विजय जखमोला, अपर उपनिरीक्षक गणेश कुमार, हेड कांस्टेबल अशोक रावत, हेड कांस्टेबल हनुमंत एवं कांस्टेबल सुशील कुमार शामिल रहे।
रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
