चमोली: दशोली के मंडल घाटी में ‘हिलास भोजनालय’ का शुभारंभ, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने किया उद्घाटन

चमोली।
विकासखंड दशोली अंतर्गत मंडल घाटी सीएलएफ के तहत स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित सामुदायिक उद्यम “हिलास भोजनालय” का शुभारंभ रविवार को राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने किया। यह पहल ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ते हुए उनकी आर्थिक सशक्तता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

महिलाओं की आय बढ़ाने का माध्यम बनेगी परियोजना

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने ग्रामोत्थान परियोजना के उद्देश्यों एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि परियोजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि और आर्थिक सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित हो सके।

स्थानीय उत्पादों को मिलेगा नया बाजार

राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थानीय पहाड़ी उत्पादों को तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। इससे स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलने के साथ ही उत्तराखंड की पारंपरिक खाद्य संस्कृति को भी नई पहचान मिलेगी।

गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह

उन्होंने कहा कि भोजनालय के संचालन में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा ग्राहकों के प्रति व्यवहार का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उत्कृष्ट सेवाओं के माध्यम से ही लोगों का विश्वास बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के नए अवसर सृजित होंगे।

यात्रा मार्गों पर और भोजनालय खोलने पर जोर

महेंद्र भट्ट ने परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के प्रमुख यात्रा मार्गों पर ऐसे और सामुदायिक भोजनालय स्थापित किए जाएं, जिससे स्थानीय युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलें तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त हो।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त हरक सिंह नेगी, जिला महामंत्री अरुण चमोली, जिला विकास अधिकारी कमलेश पंत, जिला परियोजना प्रबंधक शशिकांत यादव, रीप परियोजना के समस्त सहायक प्रबंधक, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें