चमोली।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार के नेतृत्व में जनपद चमोली में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन, गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण कार्य शुरू कर दिया गया है।
घर-घर पहुंच रहे 592 बीएलओ
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए 29 मई से 7 जून 2026 तक तैयारी, प्रशिक्षण एवं आवश्यक प्रिंटिंग कार्य पूरे कर लिए गए हैं। 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण करेंगे।
उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 592 बीएलओ इस अभियान में तैनात किए गए हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ में 210, थराली में 203 तथा कर्णप्रयाग में 179 बीएलओ शामिल हैं।
पहले दिन हजारों गणना प्रपत्र वितरित
अभियान के प्रथम दिवस बीएलओ द्वारा विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ में 1,353, थराली में 1,916 तथा कर्णप्रयाग में 1,600 गणना प्रपत्र घर-घर जाकर वितरित किए गए।
जनपद में कुल 2,95,623 गणना प्रपत्र मतदाताओं से भरवाए जाने हैं। सभी बीएलओ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए कार्य कर रहे हैं।
चंडी प्रसाद भट्ट ने भरा गणना प्रपत्र
अभियान के दौरान विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के गोपेश्वर गांव स्थित भाग संख्या-97 के बीएलओ सूरत सिंह असवाल ने प्रख्यात पर्यावरणविद् एवं महात्मा गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित चंडी प्रसाद भट्ट का गणना प्रपत्र भरवाया।
इस अवसर पर चंडी प्रसाद भट्ट ने प्रदेशवासियों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा अपने मतदाता विवरण का सत्यापन कराने की अपील की।
14 जुलाई को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची
जिला निर्वाचन अधिकारी डी.सी. सती ने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
मतदाता अपनी आपत्तियां एवं दावे ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को होगा।
शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना उद्देश्य
डीएम गौरव कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित, अपात्र एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाना है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि व्यापक जनसहभागिता से ही एक सशक्त, पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सकती है।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
