बस्तर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक, सीएम धामी ने उठाए नंदा राजजात यात्रा व कुंभ के मुद्दे

बस्तर/छत्तीसगढ़।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में बस्तर, छत्तीसगढ़ में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद् की 26वीं बैठक में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। बैठक में विभिन्न राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, आंतरिक सुरक्षा, आधारभूत संरचना विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बेहतर समन्वय से विकसित भारत को मिलेगी गति

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्यों के बीच बेहतर संवाद, सहयोग और समन्वय से ही देश के समग्र एवं संतुलित विकास को नई गति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारी एवं समन्वित संघीय व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।

नंदा राजजात यात्रा और कुंभ मेले का मुद्दा प्रमुखता से रखा

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली विश्वप्रसिद्ध मां नंदा राजजात यात्रा और कुंभ मेले की तैयारियों से जुड़े विषयों को बैठक में प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि ये आयोजन देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन हैं।

उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र एवं राज्यों के समन्वित सहयोग की आवश्यकता होगी।

उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपराओं, धार्मिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्यों के सहयोग से दोनों आयोजन ऐतिहासिक और सफल होंगे।

आंतरिक सुरक्षा और साइबर अपराध पर भी हुई चर्चा

बैठक में आंतरिक सुरक्षा, सीमावर्ती राज्यों के बीच समन्वय, साइबर अपराधों की रोकथाम, आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर भी चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए राज्यों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त प्रयासों को और मजबूत करना आवश्यक है।

जनकल्याण और सुशासन पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार जनकल्याण, सुशासन, आधारभूत विकास, पर्यटन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

ये रहे मौजूद

बैठक में उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित विभिन्न राज्यों के मंत्रीगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें