देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न समस्याओं से जुड़ी 162 शिकायतें प्राप्त हुईं।
अपर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले की जांच के निर्देश
जनता दर्शन में ईदगाह निवासी वरिष्ठ नागरिक दुलीचंद ने शिकायत की कि उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कचहरी स्थित एक स्टाम्प वेंडर/टाइपिस्ट को दस्तावेज दिए थे। आरोप है कि टाइपिस्ट ने 11,500 रुपये लेकर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बना दिया, जिसे नगर निगम ने जांच में निरस्त कर दिया।
अपर जिलाधिकारी ने मामले की नगर निगम और पुलिस से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बुजुर्ग दंपति ने लगाई उत्पीड़न की गुहार
मोथरोवाला निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने शिकायत की कि उनके पुत्र और पुत्रवधू द्वारा मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए एडीएम ने सीओ डालनवाला को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जमीन और नौकरी के नाम पर ठगी की शिकायत
हर्रावाला निवासी लक्ष्मणदास ने आरोप लगाया कि जमीन खरीदने के लिए दिए गए 2 लाख रुपये वापस नहीं किए जा रहे हैं। इस पर एडीएम ने सीओ डोईवाला को जांच के निर्देश दिए।
अनारवाला निवासी सागर थापा ने शिकायत की कि एक व्यक्ति ने हांगकांग में नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में एसएसपी कार्यालय को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया।
अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त रास्ते की मरम्मत जल्द
बापूनगर जाखन निवासी सुनीता खंडूरी ने शिकायत की कि अगस्त 2025 में अतिवृष्टि से रास्ता और पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे उनके घर को खतरा बना हुआ है। इस पर संबंधित विभाग ने बताया कि 18.89 लाख रुपये का अनुमान तैयार कर लिया गया है और जल्द कार्य शुरू होगा।
कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त संतोष पांडेय, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
