चमोली: एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने गैरसैंण में निर्माणाधीन थाना व फायर यूनिट भवन का किया निरीक्षण

चमोली: जनपद में पुलिस विभाग की अवस्थापना सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने शनिवार को गैरसैंण क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन थाना भवन गैरसैंण और फायर यूनिट भवन का बारीकी से जायजा लिया और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ निर्माण कार्य के तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की।

निर्माण की गुणवत्ता से समझौता नहीं

निरीक्षण के दौरान एसपी चमोली ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भवनों के स्ट्रक्चर की मजबूती और निर्माण की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में उपयोग की जाने वाली सामग्री और ढांचागत मजबूती के साथ किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

साथ ही उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पुलिस कर्मियों को समय पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

वर्तमान थाना भवन बनेगा बाजार चौकी

निरीक्षण के बाद पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा ने वर्तमान थाना भवन गैरसैंण का भी निरीक्षण किया। नए भवन में स्थानांतरण के बाद मौजूदा थाना भवन को ‘बाजार चौकी’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

इसके अलावा यहां सीओ कर्णप्रयाग का कैंप कार्यालय बनाए जाने का भी प्रस्ताव है।

पुलिस कर्मियों की सुविधाओं का भी लिया जायजा

क्षेत्राधिकारी ने निरीक्षण के दौरान भवन में पुलिस कर्मियों और एलआईयू कर्मचारियों के रहने की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा, प्रतिसार निरीक्षक आनंद सिंह रावत, प्रभारी निरीक्षक मनोज सिरोला, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुमित खुगशाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें