औली में नेशनल विंटर गेम्स की तिथि को लेकर विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रस्ताव पर पर्यटन विभाग ने मुहर लगा दी है। इसके तहत 12 से 16 फरवरी तक नेशनल स्कीइंग गेम्स आयोजित किए जाएंगे, जिससे देशभर के खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त नंदा देवी स्लोप पर शीतकालीन खेलों के लिए पर्याप्त बर्फ उपलब्ध है, वहीं औली में कार्निवाल के साथ नेशनल स्कीइंग प्रतियोगिता के आयोजन का भी प्रस्ताव रखा गया था।
बीते रोज विंटर गेम्स एसोसिएशन ने देशभर के 18 राज्यों की स्की फेंडरेशन से बात कर रायशुमारी के बाद तिथि का प्रस्ताव पर्यटन सचिव को भेजा था।
सोमवार को पर्यटन विभाग के एसीईओ बीएल राणा ने पर्यटन विभाग, गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारियों व विंटर गेम्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक में तिथि पर अंतिम मुहर लगाते हुए इसके लिए 12 से 16 फरवरी की तिथि तय कर दी है।
विंटर गेम्स एसोसिएशन आफ उत्तराखंड के सह सचिव व राष्ट्रीय स्की कोच अजय भट्ट ने कहा कि सोमवार को पर्यटन विभाग ने औली कार्निवाल के साथ नेशनल स्की गेम्स के आयोजन की तिथि को अंतिम रूप दे दिया है।
इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब, उत्तर प्रदेश, ओडिसा के अलावा भारतीय सेना, बीएसएफ, आइटीबीपी और सीआरपीएफ की टीमों ने शामिल होने को लेकर सहमति दे दी है।
भट्ट ने बताया कि औली नेशनल विंटर गेम्स के लिए पूरी तरह तैयार है। यहां पर अल्पाइन, स्नो बोर्ड, नोडिक, स्की माउंटेनियरिंग सहित स्की के अन्य खेल आयोजित किए जाएंगे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
