देहरादून: उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद में एस चौहान को पुनः नोडल अधिकारी नियुक्त

देहरादून।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद में एस चौहान को पुनः नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनकी कार्यक्षमता एवं उत्तराखंड की लोकभाषाओं और फिल्म विकास की संभावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी है। फिल्म विकास परिषद की अध्यक्षता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कर रहे हैं।

फिल्मकारों ने की मुलाकात, दी शुभकामनाएं

एस चौहान के नोडल अधिकारी बनने के बाद उत्तराखंड फिल्म जगत से जुड़े निर्माता, निर्देशक, अभिनेता एवं कलाकारों ने उनसे मुलाकात कर बधाई दी। इस दौरान आयोजित बैठक में फिल्म उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा भी की गई।

फिल्मों से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भरोसा

बैठक में एस चौहान ने निर्माता-निर्देशकों एवं कलाकारों के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड की फिल्मों के निर्माण एवं फिल्म उद्योग से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि फिल्म नीति के प्रभावी संचालन के लिए समय-समय पर निर्माता, निर्देशक एवं कलाकारों का सहयोग लिया जाएगा तथा सिंगल विंडो सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

सम्मान समारोह और नियमित बैठकों की घोषणा

एस चौहान ने कहा कि फिल्मों के निर्माण की गति रुकनी नहीं चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फिल्म विकास परिषद शीघ्र ही सम्मान समारोह आयोजित करेगी। साथ ही हर दो से तीन माह में फिल्म जगत से जुड़े लोगों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान आने वाली समस्याओं को भी जल्द दूर किया जाएगा और इसके लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

सब्सिडी प्रक्रिया को और सरल बनाने पर जोर

उत्तराखंडी फिल्मों को मिलने वाली सब्सिडी को लेकर एस चौहान ने कहा कि इसे और अधिक सरल एवं प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है, ताकि बोली, भाषा एवं लोक संस्कृति का संरक्षण हो सके।

लोक संस्कृति और गुणवत्ता पर दिया जोर

उन्होंने फिल्म निर्माताओं से फिल्मों के निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा कि एक मानक तय किया जाना चाहिए, ताकि लोक संस्कृति से जुड़ी अच्छी और गुणवत्तापूर्ण फिल्में दर्शकों तक पहुंच सकें।

उन्होंने कहा कि गढ़वाली, कुमाऊनी एवं जौनसारी भाषाओं के विकास हेतु फिल्म विकास परिषद पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

राज्य में फिल्मांकन की अपार संभावनाएं

एस चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड की बोली-भाषा के संरक्षण एवं उत्तराखंडी फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में फिल्मांकन की अपार संभावनाएं हैं और प्रयास किया जाएगा कि देशभर के निर्माता भी उत्तराखंड में फिल्मांकन के लिए प्रेरित हों, जिससे राज्य के राजस्व एवं फिल्म उद्योग को बढ़ावा मिल सके।

ये रहे मौजूद

बैठक में निर्देशक अनुज जोशी, निर्माता राम नेगी, निर्माता चंद्रवीर गायत्री, निर्देशक आशु चौहान, निर्माता रवि मंगाई, अभिनेता मालगुड़ी, पदम गोसाई, शिव पनौली, बीएस नेगी, बृजेश भट्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें