देहरादून, 13 अक्टूबर। राजधानी देहरादून के न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान रसोईघर, फ्रीजर और खाद्य सामग्री के भंडारण स्थलों पर कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। सड़ी-गली सब्जियां, बासी खाद्य सामग्री, कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी मिलने के बाद रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। संचालक अभय सिंह नेगी को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया गया है।
संयुक्त टीम ने किया आकस्मिक निरीक्षण
आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तराखंड और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के दिशा-निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने किया।
टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव, अभिहित अधिकारी मनीष सयाना और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान दून क्लब के अध्यक्ष मनोज सूरी भी मौजूद थे।
फ्रीजर में मिलीं सड़ी-गली सब्जियां और पुरानी खाद्य सामग्री
निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू सहित विभिन्न सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में मिलीं। टीम के अनुसार, वहां लगभग दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पुराना गूंथा हुआ आटा और करीब एक सप्ताह पुरानी मोमोज एवं चाउमीन बनाने की सामग्री भी रखी हुई थी।
खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे गए थे। रसोईघर और मसाला भंडारण की अलमारी में कॉकरोच तथा चूहे पाए गए। मसालों की कई थैलियां चूहों द्वारा कुतरी हुई मिलीं। स्टोर रूम में भी चूहों की मौजूदगी सामने आई।
बर्तन धुलाई क्षेत्र में गंदगी, नालियां भी मिलीं जाम
संयुक्त टीम को बर्तन धुलाई क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी मिली। वहां तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा-कचरा पाया गया। नालियां जाम थीं और ड्रेनेज सिस्टम भी खराब स्थिति में मिला।
इसके अलावा, रेस्टोरेंट कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए जा सके। पेस्ट कंट्रोल कराए जाने के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की गुणवत्ता से संबंधित वॉटर टेस्ट रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई।
पनीर, दूध और चिकन करी के नमूने जांच के लिए भेजे
निरीक्षण के दौरान टीम ने रेस्टोरेंट के पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने जांच के लिए लिए।
वहीं, मौके पर 5 किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, 2 किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी को नष्ट कराया गया। अधिकारियों के अनुसार, खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
14 दिन में कमियां दूर करने के निर्देश
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की अनियमितताएं चिंताजनक हैं। यहां विशिष्ट और अति विशिष्ट व्यक्तियों सहित कई गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है। ऐसे में भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्था का स्वच्छ तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण में सामने आई कमियों को देखते हुए रेस्टोरेंट तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया है और संचालक को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस के तहत परिसर की गहन सफाई, खराब खाद्य सामग्री का निस्तारण, प्रभावी पेस्ट कंट्रोल, नालियों एवं ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत, पेयजल की गुणवत्ता की जांच और कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से संबंधित आवश्यक अभिलेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दोबारा निरीक्षण के बाद होगी आगे की कार्रवाई
प्राधिकरण के अनुसार, निर्धारित 14 दिन की अवधि के दौरान दोबारा स्थल निरीक्षण कर सुधारात्मक कार्यों की स्थिति का सत्यापन किया जाएगा। यदि तय अवधि में अपेक्षित सुधार नहीं पाए जाते हैं, तो लागू कानूनी प्रावधानों के तहत रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य, उपभोक्ता हितों और सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के प्रभावी अनुपालन के लिए संबंधित विभागों के समन्वय से निगरानी जारी रहेगी।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
