विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग की दो दिवसीय समीक्षा बैठक संपन्न

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक मंगलवार को संपन्न हो गई। बैठक में दोनों मंडलायुक्तों, पुलिस रेंज प्रभारियों, स्टेट पुलिस नोडल अधिकारी और सभी जिलों के जिलाधिकारियों व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की 21 प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोग के प्रतिनिधिमंडल के समक्ष विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

चुनावी तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षा

देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक आईटी सीमा खन्ना और मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के पहले दिन सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के मद्देनजर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान आयोग की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीएम ने चुनावी तैयारियों, पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था पर दिया प्रस्तुतीकरण

मंगलवार को बैठक के दूसरे दिन सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों में चुनाव की तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। वहीं, जिलों के पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, फोर्स डिप्लॉयमेंट प्लान, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया।

भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित इलेक्शन प्लानर के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।

21 प्रवर्तन एजेंसियों ने साझा की तैयारियां

बैठक में अर्द्धसैनिक बलों, आबकारी, जीएसटी, परिवहन, वन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और कस्टम सहित कुल 21 प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों ने चुनावी तैयारियों के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में चुनाव के दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और उनकी तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव एस.बी. जोशी और बी.के. पाठक, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी निलेश आनंद भरणे, कुमाऊं रेंज की आईजी नवेदिता कुकरेती, गढ़वाल रेंज की प्रभारी आईजी विमि सचदेवा, स्टेट पुलिस नोडल आईजी कृष्ण कुमार वीके और अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे उपस्थित रहे।

इसके अलावा सभी जिलों के डीएम और एसएसपी, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास भी बैठक में शामिल हुए।

 


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें