रुद्रप्रयाग। जनपद में व्यवस्थित लैंड बैंक तैयार किए जाने को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में उपलब्ध विभिन्न श्रेणी की भूमि के चिह्नीकरण, मैपिंग और डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
वन और राजस्व भूमि की होगी अलग-अलग मैपिंग
जिलाधिकारी ने दोनों विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभाग के अंतर्गत आने वाली भूमि का विस्तृत सर्वेक्षण और मैपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को रिजर्व वन भूमि तथा राजस्व विभाग को सिविल भूमि की मैपिंग करने को कहा।
डीएम ने कहा कि लैंड बैंक तैयार करने का उद्देश्य उपलब्ध भूमि की स्पष्ट और व्यवस्थित जानकारी तैयार करना है, जिससे भविष्य में विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित से जुड़ी योजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता का आकलन आसानी से किया जा सके।
जीआईएस एक्सपर्ट की मदद से डिग्रेडेड भूमि होगी चिह्नित
जिलाधिकारी ने दोनों विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जीआईएस एक्सपर्ट की सहायता से जनपद में उपलब्ध डिग्रेडेड (अवक्रमित) भूमि का भी चिह्नीकरण एवं मैपिंग करने के निर्देश दिए।
मैपिंग के दौरान भूमि की स्थिति, स्थान और उससे संबंधित आवश्यक विवरण को डिजिटल रूप से दर्ज करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि मैपिंग का कार्य पूरी सटीकता और पारदर्शिता के साथ किया जाना चाहिए, ताकि लैंड बैंक में भूमि से जुड़ी जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध रहे।
केएमएल फाइल में तैयार होगा डिजिटल रिकॉर्ड
बैठक में तय किया गया कि मैपिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चिह्नित भूमि का केएमएल (कीहोल मार्कअप लैंग्वेज) फाइल के रूप में डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इससे चिह्नित भूमि को डिजिटल मैप पर देखा जा सकेगा और आवश्यकता के अनुसार उसका उपयोग एवं विश्लेषण किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भूमि मैपिंग की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा आवश्यक डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि जनपद के लिए एक व्यवस्थित और उपयोगी लैंड बैंक विकसित किया जा सके।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में डीएफओ रुद्रप्रयाग विनीत कुमार, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
