पोखरी (चमोली)। विनायकधार मिनी स्टेडियम में बुधवार से आयोजित दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय शरदकालीन खेलकूद प्रतियोगिता का गुरुवार को विभिन्न खेल गतिविधियों के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों तथा कॉलेजों के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
खेलों के साथ अनुशासन भी जरूरी : नेहा भट्ट
समापन समारोह की मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी नेहा भट्ट ने कहा कि खेलों में अनुशासन का विशेष महत्व है। छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ अनुशासनपूर्वक खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है और उन्हें अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।
नागनाथ का वॉलीबाल और कबड्डी में दबदबा
दूसरे दिन आयोजित प्रतियोगिताओं में अंडर-17 बालक वर्ग वॉलीबाल में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं अंडर-19 बालक वर्ग कबड्डी में भी अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ प्रथम रहा, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज थालाबैड़ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-14 बालक वर्ग कबड्डी में हाईस्कूल भिकोना ने प्रथम और हाईस्कूल वीणा ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में ब्लॉक समन्वयक अनूप रावत, बबीता भंडारी, गौरव पुरोहित, सतीश कुमार, मनोज जोशी और सुमित चौधरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहयोग किया।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
