- मायावती अस्पताल के युवा दंत चिकित्सक थे जोशी
- बाड़ीगाड़ की खाई बनी काल, 14 फीट गहरी बाड़ीगाड़ में गिरने से गई डॉ. लोकेश जोशी की जान
- रास्ते में खराब हुई 108 एंबुलेंस ने खड़े किए बड़े सवाल
चम्पावत जनपद के बाड़ीगाड़ क्षेत्र में सोमवार रात घटी एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया। मायावती अस्पताल में कार्यरत युवा दंत चिकित्सक डॉ. लोकेश जोशी (40) की हादसे में मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद जहां परिवार और परिचितों में शोक की लहर है, वहीं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, विशेषकर 108 एंबुलेंस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी डॉ. लोकेश जोशी अपनी पत्नी डॉली जोशी और इकलौती पुत्री के साथ बाड़ीगाड़ क्षेत्र में किराये के मकान में रहते थे। सोमवार रात वह स्कूटी से घर पहुंचे। वाहन खड़ा करने के बाद जैसे ही वह अपने कमरे की ओर बढ़े, अंधेरा और सुरक्षा रेलिंग का अभाव उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। संतुलन बिगड़ने से वह करीब 14 फीट गहरी बाड़ीगाड़ में जा गिरे
कुछ समय तक घर नहीं पहुंचने पर उनकी पत्नी उन्हें खोजने बाहर निकलीं। तलाश के दौरान डॉ. लोकेश नीचे गिरे हुए दिखाई दिए। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कठिन प्रयासों के बाद उन्हें बाहर निकाला गया। तत्काल 108 और 112 सेवाओं को सूचना दी गई।स्थानीय लोगों के मुताबिक 112 की टीम तो शीघ्र मौके पर पहुंच गई, लेकिन गंभीर रूप से घायल डॉ. जोशी को लेकर जा रही 108 एंबुलेंस रास्ते में ही खराब हो गई। हालात ऐसे बने कि लोगों को घायल चिकित्सक को चादर में लपेटकर अन्य साधनों से लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाना पड़ा। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि आपातकालीन सेवा के नाम पर संचालित एंबुलेंसों की स्थिति चिंताजनक है। उनका कहना है कि यदि समय पर सुचारु चिकित्सा सहायता और बेहतर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध होती तो शायद एक अनमोल जीवन बचाया जा सकता था। इस हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की जमीनी हकीकत को सामने ला दिया है। स्थानीय नागरिकों ने 108 एंबुलेंस सेवा की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। मायावती आश्रम और चिकित्सा जगत में अपनी सेवाओं के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. लोकेश जोशी के असामयिक निधन से शोक की लहर दौड़ गई है। अद्वैत आश्रम मायावती के अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद जी महाराज सहित आश्रम के सभी संतों एवं चिकित्सालय से जुड़े सभी कर्मियों ने शोकसभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना की तथा दो मिनट का मौन रखा।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
