लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन यात्रियों को मिलेगी अत्याधुनिक सुविधाएं

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में उत्तराखंड के हर्रावाला रेलवे स्टेशन को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

₹19 करोड़ की लागत से तैयार हुआ आधुनिक हर्रावाला स्टेशन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग ₹19 करोड़ की लागत से पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि स्टेशन के निर्माण में दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को विशेष रूप से दर्शाया गया है। परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को स्थान देकर आधुनिकता और संस्कृति का सुंदर संगम प्रस्तुत किया गया है। साथ ही यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक होगी।

भारतीय रेलवे में हो रहा ऐतिहासिक बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक बन रही है। रेलवे नेटवर्क के विस्तार, सुरक्षा, तकनीकी उन्नयन और गति में लगातार सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा कि वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक एवं स्वदेशी ट्रेनें आज आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान बन चुकी हैं और देश के परिवहन तंत्र को नई दिशा दे रही हैं।

ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना से पहाड़ों को मिलेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों तक रेल पहुंचाने का सपना तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को नई गति देगी। साथ ही उत्तराखंड को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से प्रदेश आने वाले यात्रियों और पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिल रही है।

उत्तराखंड को मिला रिकॉर्ड रेल बजट

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए ₹4,769 करोड़ का रिकॉर्ड रेल बजट प्रदान किया है। इसके अलावा प्रदेश में ₹39,491 करोड़ से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह और राज्य के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

विकसित उत्तराखंड की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखंड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ ‘विकसित उत्तराखंड’ के लक्ष्य को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।

 ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जनप्रतिनिधिगण, भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकार के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें