कर्णप्रयाग। स्थायी राजधानी गैरसैंण की मांग को लेकर निकाली जा रही जनजागरण पदयात्रा शुक्रवार को कर्णप्रयाग पहुंची। दोपहर में कर्णप्रयाग पहुंचने पर पदयात्रियों ने स्थायी राजधानी गैरसैंण के समर्थन में नारेबाजी की और स्थानीय लोगों से अभियान को सहयोग देने की अपील की।
शिवालय में किया हवन-पिंडदान
इसके बाद पदयात्रा संगमतट स्थित शिवालय पहुंची। यहां आयोजकों की ओर से पहाड़ विरोधी नीतियों के विरोध के प्रतीक स्वरूप हवन एवं पिंडदान किया गया। इस दौरान स्थायी राजधानी गैरसैंण की मांग के समर्थन में लोगों ने अपनी बात रखी।
पदयात्रा को उत्तराखंड क्रांति दल के जिलाध्यक्ष चमोली युद्धवीर नेगी, कर्णप्रयाग विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अर्जुन सिंह रावत, बचे सिंह कठेत और रमेश थपलियाल समेत अन्य लोगों ने समर्थन दिया।
शनिवार को आदिबद्री के लिए रवाना होगी यात्रा
कार्यक्रम के बाद पदयात्री रात्रि विश्राम के लिए होटल नंदा देवी, सिमली के लिए रवाना हुए। आयोजकों के अनुसार, शनिवार 29 अगस्त को पदयात्रा अपने अगले पड़ाव आदिबद्री के लिए प्रस्थान करेगी।
आयोजकों का कहना है कि पदयात्रा के माध्यम से स्थायी राजधानी गैरसैंण की मांग के साथ पहाड़ से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
