जिला पंचायत चमोली की बोर्ड बैठक अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित, विकास कार्यों और योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

चमोली, 27 नवंबर। जिला पंचायत चमोली की बोर्ड बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह ने किया। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत किया गया।

बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान जिला पंचायत सदस्यों महेंद्र सिंह, प्रदीप बुटोला, सुरेंद्र सिंह नेगी, हरीश राम तथा सदस्याओं रमा राणा और संतोषी सहित अन्य सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, विकास कार्यों और आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखा।

विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर

बैठक में जनपदीय अधिकारियों से जिला पंचायत के माध्यम से संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया। सदस्यों ने कहा कि योजनाओं की प्रगति, उनके क्रियान्वयन और आमजन को मिलने वाले लाभों की जानकारी जनप्रतिनिधियों तक पहुंचना आवश्यक है।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच समन्वय पर चर्चा

बैठक में विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सदस्यों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। साथ ही क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी तालमेल बनाए रखने पर चर्चा हुई।

बैठक में जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें