उत्तरकाशी। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन एवं नशामुक्त अभियान के तहत उत्तरकाशी पुलिस की अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने 710 ग्राम अवैध चरस के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की कीमत करीब 1 लाख 42 हजार रुपये बताई गई है।
चेकिंग के दौरान 710 ग्राम चरस बरामद
पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार की निगरानी में कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार के नेतृत्व में मंगलवार सुबह डुण्डा पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान डुण्डा तहसील तिराहे के पास पुलिस ने खेम सिंह बोहरा नामक व्यक्ति को चरस की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 710 ग्राम चरस बरामद हुई।
बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली उत्तरकाशी में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में उनि प्रकाश राणा, चौकी प्रभारी डुण्डा, कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, अनिल नौटियाल आदि शामिल रहे।
इस वर्ष 34 तस्कर गिरफ्तार
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 27 मामलों में 34 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 52.65 लाख रुपये मूल्य की 9 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
