चमोली जनपद के लिए 30 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट जारी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना

चमोली, 29 अक्टूबर 2026।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को चमोली जनपद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है।

सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश

मौसम की चेतावनी को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, चमोली ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने और आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्द किशोर जोशी ने बताया कि मौसम पूर्वानुमान के मद्देनजर जनपद के सभी संबंधित अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा गया है।

बारिश के दौरान ट्रेकिंग की अनुमति नहीं

मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बारिश के दौरान ट्रेकिंग पर जाने वाले लोगों को अनुमति न दी जाए। इसके अलावा, सभी स्तरों पर तत्परता बनाए रखने, सुरक्षा एवं आवागमन व्यवस्था पर निगरानी रखने और किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तत्काल स्थानीय स्तर पर कार्रवाई करने को कहा गया है।

संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी घटना की सूचना का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

आपदा संबंधी सूचना तत्काल देने के निर्देश

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की आपदा संबंधी सूचना मिलने पर उसे तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, चमोली को उपलब्ध कराया जाए।

आपातकालीन संपर्क नंबर:

  • 01372-251437
  • 9068187120
  • 7579004644

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें