विवाह के शुभ अवसर पर नवदंपती ने रोपा अमरूद का फलदार पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कर्णप्रयाग। पहाड़ की विवाह परंपरा में प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जोड़ने की पहल लगातार नई मिसाल पेश कर रही है। मैती आंदोलन की भावना से प्रेरित होकर विवाह के शुभ अवसर पर पौधरोपण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नगरासू, जनपद रुद्रप्रयाग से विकासखंड कर्णप्रयाग की ग्रामसभा बरसाली के सिरोली पहुंची बारात में विवाह संपन्न होने के बाद नवदंपती ने अमरूद का फलदार पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विवाह समारोह में पौधरोपण को बनाया शुभ संस्कार

वर अनुराग और वधू मोनिका के विवाह समारोह में पौधरोपण को भी शुभ संस्कार का हिस्सा बनाया गया। अनुराग, श्रीमती शकुन्तला देवी एवं श्री जसपाल सिंह नेगी के सुपुत्र हैं, जबकि मोनिका, श्रीमती ममता देवी एवं श्री ओम प्रकाश रावत की सुपुत्री हैं। विवाह की खुशियों के बीच नवदंपती द्वारा फलदार पौधे का रोपण प्रकृति के प्रति प्रेम और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली सहेजने के संकल्प का प्रतीक बना।

मैती आंदोलन के तहत अब तक रोपे 5053 पौधे

मैती आंदोलन के तहत प्रदीप चौहान विवाह जैसे मांगलिक आयोजनों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की मुहिम चला रहे हैं। इस पहल के तहत वह अब तक 5053 पौधे रोपित कर चुके हैं। उनका प्रयास है कि शादी, जन्मदिन और अन्य शुभ अवसरों पर पौधरोपण को संस्कार का हिस्सा बनाया जाए, ताकि उत्सवों की यादें केवल तस्वीरों तक सीमित न रहें, बल्कि रोपे गए पौधे भविष्य में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण की पहचान बनें।

प्रकृति से जुड़ाव और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश

मैती आंदोलन की परंपरा में विवाह के अवसर पर पौधरोपण नवजीवन, प्रेम, अपनत्व और प्रकृति के साथ जुड़ाव का प्रतीक माना जाता है। नवदंपती द्वारा अमरूद का पौधा रोपने की यह पहल पहाड़ की परंपरा, पर्यावरण चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी का सुंदर संगम बनकर सामने आई।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें