चमोली। उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने अपनी मांगों को लेकर पिछले 10 दिनों से धरना दे रही आंगनबाड़ी संगठन की कार्यकर्ताओं को समर्थन दिया। इस दौरान दल के नेताओं ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए राज्य सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख देने की मांग
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में राज्य सरकार से प्रतिदिन 140 रुपये तथा केंद्र सरकार से प्रतिदिन 150 रुपये मानदेय बढ़ाने की मांग शामिल है। इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने सेवानिवृत्ति के समय 10 लाख रुपये की धनराशि दिए जाने की मांग भी उठाई है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण : बीरू सजवाण
उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री बीरू सजवाण ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रदेश की माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा की जिम्मेदारी निभाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें उचित मानदेय और सामाजिक सुरक्षा नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्णय लेना चाहिए।
10 दिनों से धरने पर बैठी महिलाओं की आवाज सुने सरकार : कमल किशोर डिमरी
UKD नेता कमल किशोर डिमरी ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने की अपेक्षा करती है, लेकिन उनके मानदेय और भविष्य की सुरक्षा को लेकर गंभीर दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि 10 दिनों से धरने पर बैठी महिलाओं की आवाज सरकार तक पहुंचनी चाहिए और उनकी मांगों का उचित समाधान किया जाना चाहिए।
सम्मान और अधिकारों की लड़ाई में साथ खड़ा है UKD
इस दौरान जिला कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट सहित उत्तराखंड क्रांति दल के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। दल ने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान, अधिकार और आर्थिक सुरक्षा की लड़ाई में उत्तराखंड क्रांति दल उनके साथ खड़ा है। साथ ही सरकार से उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
