DM ललित मोहन रयाल ने सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं और गंदगी पर जताई कड़ी नारियागी

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं, गंदगी और रैन बसेरे की बदहाल स्थिति को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और अस्पताल प्रशासन को फटकार लगाई। डीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से चिकित्सालय में हड़कंप मच गया।

रैन बसेरे की बदहाल स्थिति पर अस्पताल प्रशासन से किए सवाल

निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे की खराब व्यवस्था और गंदगी देखकर जिलाधिकारी ने पीएमएस से सवाल किया कि क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? उन्होंने कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है और मरीज पहले से ही संवेदनशील स्थिति में होते हैं। ऐसे में यदि मरीजों और तीमारदारों को ठंड लगेगी तो उनकी देखभाल कौन करेगा?

उन्होंने रैन बसेरे में कई स्थानों पर शीशे टूटे होने पर भी नाराजगी जताई। कहा कि ठंड के मौसम में मरीजों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। मच्छर, मक्खियों और अन्य संक्रमण फैलाने वाले कारकों से बचाव के लिए भी समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने चिकित्सालय की सभी व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय प्रदेश का नामचीन अस्पताल है, जहां दूर-दराज के क्षेत्रों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है कि मरीजों और उनके तीमारदारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

बाहर से दवाएं लिखने पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश

जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को सख्त निर्देश दिए कि मरीजों को केवल जेनेरिक दवाएं ही लिखी जाएं। अस्पताल के बाहर से दवाएं लिखने की व्यवस्था पूरी तरह बंद की जाए और चिकित्सालय में उपलब्ध दवाओं से ही मरीजों का उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गरीब मरीजों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं पड़ना चाहिए।

सभी वार्डों में मरीजों से किया सीधा संवाद

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाल रोग वार्ड, महिला वार्ड, गायनी वार्ड, जनरल वार्ड और सर्जरी वार्ड सहित चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके उपचार और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।

डीएम ने कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है, इसलिए चिकित्सालय में लाइट और हीटर की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए। जिन कक्षों में नमी है, उन्हें भी तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि मरीजों को मौसम के अनुरूप बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

साफ-सफाई में लापरवाही पर ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी

जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में आउटसोर्स पर कार्यरत स्वच्छता ठेकेदार को भी कड़ी हिदायत दी। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में सैनिटेशन, शौचालय, बाथरूम, फर्श सहित सभी स्थानों पर साफ-सफाई की उचित व्यवस्था रखी जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में लापरवाही से संक्रमण का खतरा बढ़ता है, इसलिए निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य करना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि मानकों के अनुरूप कार्य नहीं होने या नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित ठेकेदारों का लाइसेंस रद्द करने अथवा निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन की स्थिति जांचने के लिए शीघ्र ही टीम द्वारा चिकित्सालय का निरीक्षण किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, पीएमएस डॉ. अजय आर्य, एमएस डॉ. अरुण जोशी सहित चिकित्सालय के चिकित्सक उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें