पौड़ी में वन्यजीवों के हमलों से पशुधन की क्षति पर 588 मामलों में 1 करोड़ 96 लाख 5 हजार रुपये का मुआवजा वितरित

पौड़ी। वन्यजीवों के हमलों से पशुधन की क्षति होने पर प्रभावित पशुपालकों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए वन विभाग द्वारा मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद में पिछले दस दिनों के दौरान पशुक्षति के 588 मामलों में प्रभावित पशुपालकों को कुल 1 करोड़ 96 लाख 5 हजार रुपये की धनराशि मुआवजे के रूप में वितरित की गई है। इससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत मिली है।

जनता दर्शन में उठे लंबित मामले पर जिलाधिकारी ने लिया संज्ञान

प्रभावित पशुपालकों को राहत उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने भी विशेष संवेदनशीलता दिखाई है। जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2024 के एक लंबित प्रकरण का संज्ञान लेते हुए उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को संबंधित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। साथ ही अन्य लंबित मामलों की सूची तैयार कर तत्काल मुआवजा वितरण सुनिश्चित करने को कहा था।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वन्यजीवों से पशुधन की क्षति होने पर प्रभावित परिवारों को समयबद्ध तरीके से आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में एहतियाती उपाय प्रभावी बनाने और वन विभाग को नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी बढ़ाने पर जोर

प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और प्रभावित पशुपालकों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और निगरानी के साथ झाड़ी कटान, सोलर एवं फॉक्स लाइट लगाने तथा ग्रामीणों को जागरूक करने जैसे एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पशुधन क्षति के मामलों में जांच एवं आकलन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पात्र पशुपालकों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जा रहा है। वन विभाग का प्रयास है कि प्रभावित पशुपालकों को समय पर आर्थिक सहायता मिले और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम लगातार उठाए जाएं।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें